श्री पूर्णानंद पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई अंतर-विद्यालयी डांडिया प्रतियोगिता।


बाइट:–श्री पूर्णानंद पब्लिक स्कूल के चेयरमैन श्री मुकेश कुमार गुप्ता।
ऋषिकेश। श्री पूर्णानंद पब्लिक स्कूल, कैलाश गेट, मुनी की रेती में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को एक भव्य अंतर–विद्यालयी डांडिया प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में अपनी शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन श्री मुकेश कुमार गुप्ता, निदेशक श्री रतन कुमार श्रीवास्तव तथा प्रधानाचार्य श्री कपिल देव शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके बाद विद्यालय के छात्रों ने अतिथियों के स्वागत में एक सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने और बच्चों के विकास के लिए बेहद ज़रूरी हैं। इसी क्रम में विद्यालय के चेयरमैन श्री मुकेश कुमार गुप्ता ने भी बच्चों को संबोधित कर उनका मान बढ़ाया और कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में टीम भावना और आत्मविश्वास का संचार करती हैं।
प्रतियोगिता के परिणाम:
• वर्ग ‘ए’ (कक्षा 5-6): श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल ने प्रथम तथा एम.एस. हिमालयन पब्लिक स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
• वर्ग ‘बी’ (कक्षा 7-8): परमार्थ विद्या निकेतन ने प्रथम, संस्कार सृजन स्कूल ने द्वितीय और अमन पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती रुचिरा और श्री वैभव गर्ग शामिल रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और उप प्रधानाचार्या श्रीमती निशा कप्टियाल व वरिष्ठ समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह की उपस्थिति में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



