ऋषिकेश की साक्षी शाह का अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयन, भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व।


बाइट :–साक्षी शाह इंटरनेशनल हैंडबॉल पैरा एथलीट ऋषिकेश उत्तराखंड से।
ऋषिकेश। गुमानीवाला निवासी साक्षी शाह ने खेल जगत में ऋषिकेश और उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली उपलब्धि हासिल की है। साक्षी शाह का चयन इंटरनेशनल हैंडबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 13 सितंबर से 24 सितंबर के बीच आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 12 देशों की टीमें प्रतिभाग करेंगी।
साक्षी शाह के चयन की खबर से उनके परिवार, क्षेत्र और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। उनके पिता विनोद सिंह शाह और माता सुनेहा देवी ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। साक्षी के बड़े भाई भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। परिवार की खेल और देशसेवा से जुड़ी पृष्ठभूमि ने भी साक्षी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
साक्षी शाह ने डीएवी देहरादून से शिक्षा प्राप्त की है और हैंडबॉल में लगातार मेहनत करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है। उनका पैतृक गांव टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग क्षेत्र का बक्सारी गांव बताया गया है।
ऋषिकेश में अभ्यास के लिए साक्षी को डीएसबी इंटरनेशनल स्कूल की ओर से ग्राउंड उपलब्ध कराया गया है, जहां वह अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर साक्षी ने यह मुकाम हासिल किया है।
साक्षी शाह की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह ऋषिकेश से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाली पहली पैरा एथलीट के रूप में क्षेत्र के लिए नई मिसाल पेश कर रही हैं। उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करना है।
साक्षी की इस उपलब्धि ने यह संदेश भी दिया है कि शारीरिक चुनौतियां प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं। साक्षी शाह आज ऋषिकेश के युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरी हैं।
स्थानीय खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने साक्षी शाह को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वह वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत, उत्तराखंड और ऋषिकेश का गौरव बढ़ाएंगी।



