स्वर्गाश्रम लक्ष्मण झूला में पहाड़ी ढलान पर चल रहा है अवैध निर्माण, कोर्ट की अवहेलना पर बढ़ी चिंता



ऋषिकेश। स्वर्गाश्रम लक्ष्मण झूला क्षेत्र के पास पहाड़ी ढलान पर स्थित संकरी गली में 9 मंजिला अवैध रूप से चल रहे बहुमंजिला इमारत के निर्माण ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, जिस इमारत का निर्माण कार्य चल रहा है, वह अमित प्रजापति के स्वामित्व में है। खास बात यह है कि इस निर्माण को लेकर मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित है, इसके बावजूद बिल्डर ने कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करते हुए तेजी से निर्माण कार्य जारी रखा हुआ है।
इस बहुमंजिला इमारत में सेट बैक तक का पालन नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। संकरी गली में हो रहे इस अवैध निर्माण से आपदा की स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालना बेहद मुश्किल होगा। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों और राहत दलों के लिए भी उस स्थान पर समय पर पहुंचना चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अनिल चनियाल ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भू-स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस तरह का अवैध निर्माण बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन ने इस पर निगरानी तेज कर दी है और आवश्यक कानूनी कदम उठाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में यहां किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।



