टिहरी गढ़वालनरेंद्र नगर

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने फायर वाचरों को वितरित की सुरक्षा किट।

आज दिनांक 21.04.2026 को नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित दिग्वली थौल महोत्सव के अवसर पर वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल द्वारा वनाग्नि की रोकथाम एवं नियंत्रण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से फायर वॉचर्स को फायर सेफ्टी किट वितरित की गई। यह पहल वन क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को बढ़ाने तथा वन संपदा एवं जैव विविधता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर माननीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वनाग्नि की घटनाएं पर्यावरण, वन्यजीव एवं स्थानीय जनजीवन के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि फायर वॉचर्स अग्रिम पंक्ति के योद्धा हैं, जो कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए वनाग्नि पर नियंत्रण पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्हें आधुनिक उपकरणों एवं सुरक्षा किट उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, जिससे उनकी कार्यक्षमता एवं सुरक्षा दोनों में वृद्धि हो सके।

वितरित की गई फायर सेफ्टी किट में फायर बीटर, रेक, फावड़ा, पानी की बोतल/टैंक, सुरक्षात्मक दस्ताने, हेलमेट, मास्क, फायर सेफ्टी डांगरी तथा प्राथमिक उपचार सामग्री जैसे आवश्यक उपकरण शामिल हैं, जो आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

माननीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फायर वॉचर्स को नियमित प्रशिक्षण प्रदान किया जाए तथा वनाग्नि प्रबंधन में आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग किया जाए। साथ ही, उन्होंने स्थानीय जनभागीदारी बढ़ाने एवं जन-जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया।

श्री दिगांथ नायक, प्रभागीय वनाधिकारी नरेन्द्रनगर वन प्र्रभाग द्वारा बताया गया कि वन मुख्यालय स्तर से सुरक्षा किटों का आवंटन प्रभाग को हुआ है, जिसको प्रत्येक फ्रन्ट लाईन स्टाफ को वितरित किया जाना है। प्रत्येक फायर वाचर का 10 लाख का बीमा भी करवाया जा चुका है एवं स्थानीय जनता से पिरूल एकत्रीकरण करने की अपील की गई है, जिसमें 10 रू0 प्रति किलो प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा वनाग्नि प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर श्री अनिल कुमार पैन्यूली, उप प्रभागीय वनाधिकारी देवप्रयाग, श्री मदन सिंह रावत एवं विवेक जोशी, वन क्षेत्राधिकारी तथा जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button