


ऋषिकेश। शहर के मुख्य मार्ग हेमकुंड गुरुद्वारा के पास और भैरव मंदिर के पीछे वार्ड नंबर 4 में स्थित एक निजी प्लॉट में लंबे समय से कूड़ा डाले जाने से स्थानीय लोग गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। कूड़े से उठ रही दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस विषय में अपने वार्ड के जनप्रतिनिधि को शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिणामस्वरूप प्लॉट में कूड़े का ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे संक्रमण फैलने और बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।
लोगों का आरोप है कि गंदगी और बदबू के कारण घरों में बैठना मुश्किल हो गया है, वहीं छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। नगर प्रशासन से क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर प्लॉट से कूड़ा हटवाया जाए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।
यदि प्रशासन शीघ्र ही कार्रवाई नहीं करता तो स्थानीय लोग इस समस्या के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।



