नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड नंबर-4 में जल जमाव, सीवर ओवरफ्लो और गंदगी की समस्या पर भड़की जनता, पार्षद पूजा नौटियाल और उनके पति नवीन नौटियाल पर किया आक्रोश।


सहायक अभियंता जल संस्थान राजेश चौहान।
ऋषिकेश। (22 अगस्त 2025) — नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड नंबर-4 में लंबे समय से जल जमाव, सीवर ओवरफ्लो और गंदगी की समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। वार्ड के लोगों ने स्थानीय पार्षद पूजा नौटियाल और उनके पति नवीन नौटियाल के खिलाफ प्रदर्शन किया।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो, सड़कों पर फैली गंदगी और पानी की निकासी की समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन नगर निगम और वार्ड पार्षद की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बारिश के चलते हालात और भी बिगड़ गए हैं, जिससे गलियों में जलभराव होने के साथ-साथ बदबू और मच्छरों की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान जनता ने पार्षद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले सफाई व्यवस्था और जल निकासी की समस्याओं के समाधान के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन चुनाव जीतने के बाद समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
लगातार बढ़ते जनाक्रोश और विरोध को देखते हुए पार्षद पूजा नौटियाल और उनके पति नवीन नौटियाल मौके पर पहुंचे और जनता को आश्वासन दिया कि समस्याओं के समाधान के लिए तुरंत कदम उठाए जाएंगे। विरोध के दबाव में आखिरकार अधिकारियों को मौके पर बुलाकर सफाई अभियान और सीवर लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया।
स्थानीय लोगों ने कहा,
“हम कई बार शिकायत कर चुके थे, लेकिन हमारी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा था। आज जब हमने विरोध किया तो मजबूरन पार्षद को कार्रवाई करनी पड़ी।”
वहीं पार्षद पूजा नौटियाल ने बताया,
“हमारी प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान है। लगातार हो रही बारिश से जल निकासी प्रभावित हुई थी, लेकिन अब सफाई और सीवर की दिक्कतों को दूर करने के लिए टीम लगा दी गई है।”



