बजरंग सेतु के निरीक्षण पर पहुंचे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद बर्द्धन और जिलाधिकारी टिहरी सुनीं जन समस्याएं।





बाइट:–उत्तराखंड शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन…
बाइट:–जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल।
ऋषिकेश/मुनि की रेती। विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला पुल के समीप निर्मित बजरंग सेतु का आज जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल तथा उत्तराखंड शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सेतु की वर्तमान स्थिति, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा मानकों एवं क्षेत्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। क्षेत्रवासियों ने यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा तथा पर्यटन सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। वहीं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास तथा तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बजरंग सेतु के आसपास के क्षेत्र का भी भ्रमण किया और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्याओं को सुनने और समाधान का आश्वासन देने की पहल का स्वागत किया। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में यह निरीक्षण महत्वपूर्ण साबित होगा।



