

ऋषिकेश।
आज थाना ऋषिकेश में कुछ स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई कि कोयल घाटी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत के नीचे से गुजरते समय एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब निर्माण सामग्री ऊपर पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की जा रही ट्रॉली रैंप सहित अचानक नीचे गिर गई और उसके नीचे से गुजर रहे युवक विपिन के ऊपर आ गिरी।
आनन-फानन में आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल जौलीग्रांट अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, वहां दिन के समय से कई स्कूल के बच्चे, राहगीर और स्थानीय लोग लगातार आवाजाही करते हैं। ऐसे में यह हादसा किसी बड़ी अनहोनी का रूप भी ले सकता था।
मौके पर पहुंचे लोगों ने निर्माणाधीन इमारत के ठेकेदार और मालिक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना सुरक्षा इंतजामों के निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
सूचना पाकर थाना ऋषिकेश पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, साथ ही ठेकेदार और मालिक की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
स्थानीय निवासियों की मांग:
निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए।
निर्माणाधीन इमारतों के पास बैरिकेडिंग लगाई जाए।
ठेकेदार और मालिक पर उचित कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
इस हादसे के बाद लोगों में नाराजगी है और क्षेत्रीय निवासियों ने प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम कड़े करने की मांग की है।



