टिहरी गढ़वालनरेंद्र नगर

नगर पंचायत तपोवन और नगर पालिका मुनि की रेती-ढालवाला के बीच सीमांकन विवाद गहराया।

 

 

 

नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल)  23 अगस्त 2025 को नगर पंचायत तपोवन और नगर पालिका मुनि की रेती-ढालवाला के बीच लंबे समय से चला आ रहा सीमांकन विवाद अब और गहराता जा रहा है। सही सीमांकन न होने के कारण दोनों निकायों के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। इसका असर क्षेत्र की विकास योजनाओं, सफाई व्यवस्था, कर वसूली और बुनियादी सुविधाओं पर भी पड़ रहा है।

नगर पालिका मुनि की रेती ढालवाला की अधिशासी अभियंता अंकिता जोशी ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि,

“हमने नगर पंचायत तपोवन प्रशासन को इस विवाद को सुलझाने के लिए पत्राचार किया है, लेकिन उनकी ओर से अब तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। सीमांकन स्पष्ट न होने के कारण कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।”

सूत्रों के अनुसार, विवादित क्षेत्र में दोनों निकायों का दावा होने के कारण राजस्व रिकॉर्ड, कर संग्रह और विकास कार्यों में लगातार बाधाएं आ रही हैं। कई बार प्रशासनिक स्तर पर बैठकें भी आयोजित की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस विवाद की वजह से सड़क निर्माण, सीवर लाइन, सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं अधर में लटकी हुई हैं। लोग प्रशासन से जल्द से जल्द समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल मामला उच्च अधिकारियों के पास लंबित है, लेकिन यदि समय रहते स्पष्ट सीमांकन नहीं किया गया, तो यह विवाद आगे और भी गंभीर संकट का रूप ले सकता है।

 

Related Articles

Back to top button