नगर पालिका मुनि की रेती–ढालवाला में आवारा कुत्तों की समस्या पर कार्रवाई के निर्देश।

बाइट:–नगर पालिका मुनि की रेती ढालवाला अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी।
मुनि की रेती–ढालवाला क्षेत्र में स्थानीय लोगों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। क्षेत्र में बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या और उनसे लोगों को हो रही परेशानियों का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कुत्तों की पकड़, टीकाकरण और नसबंदी जैसी आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
नागरिकों ने बताया कि हाल के दिनों में आवारा कुत्तों की संख्या में वृद्धि से स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने कुत्तों के झुंडों द्वारा सड़क पर दौड़ाने और रात्रि के समय भौंकने से उत्पन्न समस्याओं को भी साझा किया।
अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने सभी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और आश्वासन दिया कि नगर पालिका द्वारा इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही टीम क्षेत्र में अभियान चलाकर आवारा कुत्तों पर नियंत्रण हेतु आवश्यक कार्रवाई करेगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय जनता ने नगर पालिका प्रशासन के इस त्वरित कदम की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि समस्या जल्द ही समाप्त होगी और क्षेत्र में सुरक्षित माहौल वापस लौटेगा।



